भिण्ड में 70वीं राज्य स्तरीय शालेय कबड्डी प्रतियोगिता 2026-27 का सांसद श्रीमती संध्या राय के मुख्य आतिथ्य में शुभारंभ हुआ। सांसद श्रीमती राय ने प्रतियोगिता का ध्वज फहरा कर खेलों का विधिवत शुभारंभ किया। प्रतियोगिता का आयोजन 06 से 10 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है, जिसमें बालक और बालिका 17 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में भोपाल, इन्दौर, जबलपुर, नर्मदापुरम, रीवा, सागर, शहडोल, उज्जैन, ग्वालियर संभाग सहित जनजातीय विकास विभाग के दल सहभागिता कर रहे हैं। स्पर्धाएं शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्र. 01 एवं सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्र. 02 भिण्ड में खेली जाएंगी।

सांसद श्रीमती राय ने बताया कि जिले में 70वीं राज्य स्तरीय शालेय कबड्डी प्रतियोगिता का उत्सव 10 अक्टूबर तक चलेगा। उन्होंने कहा कि गर्व का विषय है कि है प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में देश और प्रदेश खेलों के मामले में लगातार नई ऊंचाई छू रहे है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हॉकी, क्रिकेट, कुश्ती, खो-खो, शतरंज, मलखंभ जैसे खेलों में भारत का वर्चस्व है।

भिण्ड के खिलाड़ियों- तैराकी में सतेन्द्र लोहिया और पूजा ओझा, पैरा खेल में गजेन्द्र कुशवाह, वेट लिफ्टिंग में तृप्ति राजावत और कबड्डी में काजल प्रजापति ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। खेलो इंडिया और अन्य शासकीय नीतियों से खेल-कूद को प्रोत्साहन मिला है और युवा वर्ग में खेलों के प्रति रुचि बढ़ी है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कबड्डी प्रतियोगिता के उद्घाटन की घोषणा की।

सीईओ श्री चौहान ने कहा कि सभी प्रतिभागी खेल भावना से खेलें और प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने शुभकामनाएं दी कि प्रतिभागियों को आगे नेशनल प्रतियोगिता खेलने का अवसर मिले।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ श्री वीरसिंह चौहान, जिला शिक्षा अधिकारी श्री सुधांशु द्विवेदी, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती वर्षा बाल्मीकि सहित अन्य जनप्रतिनिधि, दल प्रभारी अधिकारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल हुए। इस अवसर पर प्रतिभागी खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्चपास्ट तथा शालेय छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ भी दिलाई गई।