मप्र शासन उच्च शिक्षा विभाग के खेलकूद कैलेंडर 2026-27 के अंतर्गत आयोजित संभाग स्तरीय शतरंज महिला प्रतियोगिता में नरसिंहपुर जिला उपविजेता रहा। शासकीय स्नातकोत्तर (पीजी) कॉलेज नरसिंहपुर की महिला टीम ने जिला एवं संभाग दोनों स्तरों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले को गौरवान्वित किया।

पीजी कॉलेज नरसिंहपुर के क्रीड़ा अधिकारी श्री अर्पित सक्सेना ने बताया कि संभाग स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन जीएस कॉलेज जबलपुर द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में जबलपुर संभाग के नरसिंहपुर, जबलपुर, मंडला, कटनी और डिंडौरी जिलों की टीमों ने सहभागिता की। प्रतियोगिता में नरसिंहपुर की महिला टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का गौरव हासिल किया।

लगातार दूसरी बार विश्वविद्यालय टीम में चयन

प्रतियोगिता में पीजी कॉलेज नरसिंहपुर की छात्रा अनुप्रिया साहू ने अपनी खेल प्रतिभा, रणनीतिक कौशल और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर लगातार दूसरी बार विश्वविद्यालय की शतरंज टीम में अपना स्थान सुनिश्चित किया है। अनुप्रिया विवाहित विद्यार्थी हैं और अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने परिवार के निरंतर सहयोग एवं प्रोत्साहन को देती हैं। पिछले वर्ष भी उन्होंने विश्वविद्यालय की टीम का प्रतिनिधित्व किया था।

विश्वविद्यालय टीम में चयन के बाद अनुप्रिया साहू आगामी पश्चिम क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय शतरंज प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय की ओर से प्रतिभाग करेंगी। इस प्रतियोगिता का आयोजन राजस्थान की श्री जगदीशप्रसाद झाबरमल टिबड़ेवाला (जेजेटी) यूनिवर्सिटी, झुंझुनूं द्वारा किया जा रहा है।

कॉलेज एवं जिले में हर्ष का माहौल

अनुप्रिया साहू एवं नरसिंहपुर महिला शतरंज टीम की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर पीजी कॉलेज के प्राचार्य, खेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, प्राध्यापकों, जिले के खेल प्रेमियों एवं गणमान्य नागरिकों ने पूरी टीम, खिलाड़ी अनुप्रिया साहू एवं क्रीड़ा अधिकारी श्री अर्पित सक्सेना को बधाई दी है। सभी ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य एवं आगामी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।