कटनी (10 नवंबर)- कोदो-कुटकी की खेती करने वाले किसानों के लिए राहत भरी खबर है। रानी दुर्गावती श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना के तहत खरीफ वर्ष 2026-27 में कोदो-कुटकी उपार्जन के लिए शासन ने कृषक पंजीयन की अवधि बढ़ा दी है। अब किसान 25 नवंबर तक ई-उपार्जन पोर्टल पर अपना पंजीयन करा सकेंगे, जबकि पंजीकृत किसानों का सत्यापन 30 नवंबर तक किया जाएगा। उपसंचालक कृषि ने बताया कि पूर्व में पंजीयन की अंतिम तिथि 5 नवंबर निर्धारित थी। किसानों की सुविधा और हितों को ध्यान में रखते हुए शासन ने यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। जिले सहित प्रदेश के चयनित 15 जिलों में कोदो-कुटकी का उपार्जन प्रस्तावित है। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय पर अपना पंजीयन कराएं, ताकि शासन की इस योजना का लाभ अधिक से अधिक किसानों को मिल सके।
