प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शहीद पद्मधर सिंह शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय सतना में मानवाधिकार सुरक्षा संगठन एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का निर्देशन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.एस. गुप्ता एवं मार्गदर्शन महिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गरिमा सिंह ने किया। कार्यक्रम में नशे से होने वाले दुष्प्रभावों, समाज में व्याप्त नशे के विभिन्न प्रकारों तथा नशा मुक्ति की आवश्यकता पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। विद्यार्थियों के साथ संवाद कर उन्हें नशे से दूर रहने एवं समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर मानवाधिकार सुरक्षा संगठन के जिला अध्यक्ष डॉ. संतोष शर्मा ने विद्यार्थियों को नशे के विभिन्न प्रकारों तथा उनके शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने नशा मुक्ति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए होम्योपैथिक चिकित्सा से संबंधित जानकारी एवं चिकित्सकीय परामर्श की भूमिका बताई। साथ ही नशा मुक्ति के लिए जागरूकता शिविर आयोजित करने तथा सामूहिक प्रयासों से समाज को नशामुक्त बनाने के विषय में महत्वपूर्ण सुझाव दिए। कार्यक्रम में डॉ. निशा शर्मा, एडवोकेट दीपचंद गुप्ता, डॉ. ऋतुराज दहायत, पंकज श्रीवास्तव, अवरुद्ध यादव एवं डॉ. जयप्रकाश सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।