डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना से धार एवं आलीराजपुर जिले के कुल 126 गांवों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा। परियोजना के तहत आलीराजपुर जिले के 41 गांवों की 19,680 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी। इससे क्षेत्र के किसानों को खेती के लिए पानी की उपलब्धता बढ़ेगी तथा कृषि कार्यों को नई दिशा मिलेगी।
योजना की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने एवं उन्हें इसके लाभों से अवगत कराने के उद्देश्य से प्रचार-प्रसार वाहन को रवाना किया गया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती संघमित्रा गौतम ने प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह प्रचार वाहन जिले के परियोजना से लाभान्वित 41 गांवों में भ्रमण करेगा तथा ग्रामीणों एवं किसानों को डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना की जानकारी, इसके लाभ और सिंचाई सुविधाओं के संबंध में जागरूक करेगा। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर सुश्री निर्मला कलमें सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे |
