रासायनिक खाद और कीटनाशकों के लगातार इस्तेमाल से जहां खेतों की उर्वरता प्रभावित हो रही थी, वहीं खेती की लागत भी बढ़ती जा रही थी। ऐसे में पाटन विकासखंड के सिमरिया कंतोरा गांव की साविता विश्वकर्मा ने प्राकृतिक खेती को अपनाकर अपनी जिंदगी बदल दी। आज वे तीन एकड़ जमीन पर धान, गेहूं, उड़द और मूंग की खेती कर सालाना करीब दो से ढाई लाख रुपए की आय अर्जित कर रही हैं।

साविता बताती हैं कि पहले वे खेती में यूरिया और डीएपी का अधिक उपयोग करती थीं। इससे मिट्टी की गुणवत्ता प्रभावित होने लगी थी। खेत में नमी कम रुकती थी और फसलों को कीटों से बचाने के लिए बार-बार रासायनिक दवाओं का छिड़काव करना पड़ता था। इससे खेती की लागत बढ़ रही थी, लेकिन मुनाफा अपेक्षा के अनुरूप नहीं मिल रहा था।

इसी दौरान उनका चयन आत्मा परियोजना के तहत कृषि सखी के रूप में हुआ। कृषि विज्ञान केंद्र में उन्हें प्राकृतिक खेती का प्रशिक्षण मिला। शुरुआत में बिना रासायनिक खाद के फसल उत्पादन को लेकर उन्हें आशंका थी। कृषि विभाग के अधिकारियों ने उन्हें पहले एक एकड़ में प्रयोग करने की सलाह दी। इसके बाद उन्होंने देसी गाय के गोबर और गोमूत्र से जीवामृत, नीमास्त्र, ब्रह्मास्त्र और दशपर्णी अर्क जैसे जैविक आदान तैयार कर खेतों में इस्तेमाल करना शुरू किया।

साविता बताती हैं कि प्राकृतिक खेती अपनाने के पहले साल उत्पादन में कुछ कमी आई, लेकिन धीरे-धीरे खेतों में नमी रुकने लगी और सिंचाई की जरूरत भी कम होने लगी। इससे खेती की लागत में कमी आई और उन्हें बेहतर आर्थिक लाभ मिलने लगा। उनके पास छह देसी गाय हैं, जिनसे प्राकृतिक खेती के लिए जरूरी जैविक आदान तैयार करने में मदद मिलती है।

अब गांव की महिलाओं और किसानों को दे रहीं प्रशिक्षण --

प्राकृतिक खेती में मिली सफलता के बाद साविता ने इसे केवल अपने खेत तक सीमित नहीं रखा। आत्मा परियोजना की सहायता से वे बीआरसी (बायो रिसोर्स सेंटर) का संचालन कर रही हैं। इसके माध्यम से गांव के किसानों को जैविक आदान तैयार करने और प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित कर रही हैं। पहले गांव में गिने-चुने किसान ही प्राकृतिक खेती करते थे, लेकिन अब बीआरसी के माध्यम से दूसरे किसान भी इसमें रुचि दिखाने लगे हैं।