कटनी (23 अक्टूबर) - पर्यावरण शिक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने पर कटनी जिले को प्रदेश के टॉप-5 जिलों में शामिल करते हुए सम्मानित किया गया है। पर्यावरण नियोजन एवं समन्वय संगठन (एप्को), पर्यावरण विभाग, भोपाल द्वारा पर्यावरण शिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित राज्य स्तरीय एक दिवसीय मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण कार्यक्रम में कटनी को यह सम्मान प्रदान किया गया। जिले की ओर से इको क्लब के मास्टर ट्रेनर एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के श्री देव मरावी ने प्रमाण पत्र प्राप्त किया। एप्को सभागार, भोपाल में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के लगभग 52 जिलों के प्रतिभागियों ने सहभागिता की। प्रशिक्षण का उद्देश्य वर्षभर आयोजित की जाने वाली पर्यावरणीय गतिविधियों की जानकारी देना तथा जिलों में पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़ी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। उद्घाटन सत्र में कार्यक्रम प्रभारी श्री कमलेश वर्मा ने प्रतिभागियों का स्वागत किया। वहीं एप्को के श्री अभिषेक सिंह ने योजना के उद्देश्यों तथा पर्यावरण मंत्रालय, भारत सरकार की अपेक्षाओं की जानकारी दी। प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में शासकीय महारानी लक्ष्मी महाविद्यालय, भोपाल के प्राध्यापक एवं विभागाध्यक्ष डॉ. प्रवीण तामोट ने पर्यावरणीय मुद्दों और 21वीं सदी की चुनौतियों पर प्रस्तुतिकरण दिया। दूसरे सत्र में एप्को के पर्यावरण शिक्षा अधिकारी श्री दिलीप चक्रवर्ती ने योजना के क्रियान्वयन, ऑनलाइन रिपोर्टिंग और दस्तावेजीकरण की जानकारी देते हुए जिला स्तर पर सतत जीवनशैली कार्यशालाओं के आयोजन पर जोर दिया। तीसरे सत्र में श्री कमलेश वर्मा ने कागज बनाने की प्रक्रिया, मिट्टी से पशु-पक्षियों एवं अन्य जीव-जंतुओं की आकृतियां तैयार करने तथा पत्तियों से खाद बनाने जैसी गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के तरीकों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के समापन अवसर पर वर्ष 2025-26 में पर्यावरण शिक्षण योजना का सफल क्रियान्वयन करने वाले प्रदेश के पांच जिलों सीधी, पन्ना, कटनी, रीवा और अशोकनगर को पुरस्कृत किया गया। इसके साथ ही प्रदेश के नौ टाइगर रिजर्व में टाइगर डे का सफल आयोजन कराने वाले जिलों के मास्टर ट्रेनर्स को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। प्रशिक्षण में शामिल सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पर्यावरण शिक्षण किट देकर सम्मानित किया गया।