/ मध्यप्रदेश शासन के पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा उन्नत देशी नस्ल की गायों के पालन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संचालित "मुख्यमंत्री पशुपालन विकास योजना के घटक गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना" के अंतर्गत जिले में दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।

उप संचालक, पशुपालन डॉ महेश जारोलिया ने बताया कि आगामी सप्ताह में जिले के दो चिन्हित वृंदावन ग्रामों सुसनेर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम डोंगरगांव एवं आगर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम तनोड़िया में दो दिवसीय दुग्ध उत्पादन प्रतियोगिता का आयोजन ग्राम स्तर पर किया जाएगा।

खास बातें

  • आगामी वित्तीय वर्ष 2027-28 से इस योजना का विस्तार व्यापक पैमाने पर विकासखंड स्तर पर किया जाना प्रस्तावित है।
  • जिसमें प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार पचास हजार रुपये, तृतीय पुरस्कार - 25 हजार रुपये निर्धारित किया गया है।
  • ऐसे पशुपालक जिनके पास भारतीय उन्नत / देशी नस्ल की दुधारू गाय है, जिसका दैनिक दुग्ध उत्पादन 6 लीटर या उससे अधिक हो, वे प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु पात्र होंगे।

उपसंचालक पशुपालन डॉक्टर महेश जारोलिया ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार यह प्रतियोगिता वर्तमान वर्ष में केवल उक्त दोनों चयनित वृंदावन ग्रामों के भौगोलिक क्षेत्र में निवास करने वाले पशुपालकों के लिए ही आयोजित की जा रही है। आगामी वित्तीय वर्ष 2027-28 से इस योजना का विस्तार व्यापक पैमाने पर विकासखंड स्तर पर किया जाना प्रस्तावित है।

पुरस्कार का स्वरूप - प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ दुग्ध उत्पादक गायों का चयन कर उनके पशुपालकों को पुरस्कृत किया जाएगा। जिसमें प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार पचास हजार रुपये, तृतीय पुरस्कार - 25 हजार रुपये निर्धारित किया गया है।

पात्रता - इस प्रतियोगिता में सभी वर्ग के पशुपालक भाग ले सकते हैं। ऐसे पशुपालक जिनके पास भारतीय उन्नत / देशी नस्ल की दुधारू गाय है, जिसका दैनिक दुग्ध उत्पादन 6 लीटर या उससे अधिक हो, वे प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु पात्र होंगे। पशुपालकों को अपने पशु का पंजीयन निर्धारित आवेदन पत्र में कराना होगा।

जिला प्रशासन ने दोनों वृंदावन ग्रामों के पात्र पशुपालकों से अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन कराकर योजना का लाभ लेने की अपील की है।