कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने बताया कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार राष्ट्रीय युवा उत्सव 2027 के अंतर्गत जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन 31 अक्टूबर 2026 को दोपहर 2 बजे जवाहर नवोदय विद्यालय, आलीराजपुर में किया जाएगा। उत्सव का उद्देश्य युवाओं में एकता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान तथा उनकी प्रतिभा एवं रचनात्मक क्षमताओं को प्रोत्साहित करना है।
इस वर्ष युवा उत्सव की थीम “युवा शक्ति से जनभागीदारी” निर्धारित की गई है। इसके अंतर्गत “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत” विषय पर समूह लोक नृत्य, समूह लोकगायन, पेंटिंग, कविता लेखन एवं नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।जिला स्तर पर विजेता प्रतिभागी एवं दल संभाग स्तर पर सहभागिता करेंगे। संभाग स्तर पर प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी एवं दल राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। शासन के निर्देशानुसार जिला स्तरीय युवा उत्सव के विजेता प्रतिभागियों एवं दलों का My Bharat पोर्टल पर पंजीयन अनिवार्य रहेगा। पोर्टल पर पंजीयन के बाद ही जिला स्तरीय युवा उत्सव में भाग लिया जा सकेगा।
कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने जिले के समस्त महाविद्यालयों, विद्यालयों एवं संबंधित संस्थाओं को निर्देशित किया है कि वे अपने यहां के इच्छुक छात्र-छात्राओं का पंजीयन कराकर उन्हें आवश्यक पंजीयन प्रपत्र एवं अपने-अपने दल के साथ निर्धारित तिथि, समय एवं स्थल पर उपस्थित होना सुनिश्चित करें।