शिक्षा को सरल, रोचक और प्रभावी बनाने के लिए शिक्षक श्री विजय कुमार शर्मा लगातार नए प्रयोग कर रहे हैं। अपने नवाचारों के माध्यम से उन्होंने श्योपुर जिले को राज्य स्तर पर पहचान दिलाई है। उनके नवाचारों को पिछले दो वर्षों में पांच बार राज्य स्तरीय प्रेरक प्रयास में स्थान मिला है। उनका उद्देश्य विद्यार्थियों के मन से अंग्रेजी विषय का डर दूर करना और उनमें आत्मविश्वास के साथ अंग्रेजी सीखने की रुचि विकसित करना है।

शिक्षक श्री विजय कुमार शर्मा का इस बार का नवाचार ‘सेंटेंस डॉक्टर’ विद्यार्थियों को अंग्रेजी सिखाने का एक रोचक तरीका है। “इस नवाचार में विद्यार्थियों की गलतियों को सीखने और स्वयं में सुधार करने का अवसर माना जाता है। बच्चे बोर्ड पर लिखे वाक्यों की त्रुटियों को स्वयं पहचानते हैं और उन्हें सही करके अपनी भाषा संबंधी समझ को मजबूत बनाते हैं।” इस गतिविधि से बच्चे अंग्रेजी के वाक्यों की संरचना, व्याकरण और सही प्रयोग को समझने का प्रयास करते हैं। साथ ही, गलत उत्तर देने का डर कम होता है और वे पूरे आत्मविश्वास के साथ कक्षा की गतिविधियों में भाग लेते हैं। यह नवाचार बताता है कि गलती सीखने की प्रक्रिया का हिस्सा है और सही मार्गदर्शन से वही गलती ज्ञान का माध्यम बन सकती है।

क्विज से लेकर पुस्तकों के अस्पताल तक कई नवाचार

विजय कुमार शर्मा के नवाचारों में केवल ‘सेंटेंस डॉक्टर’ ही नहीं, बल्कि कई अन्य गतिविधियां भी शामिल हैं। इनमें क्विज कॉम्पिटिशन, पीयर लर्निंग, पुस्तकों का अस्पताल और डेली इंग्लिश सेंटेंस स्ट्रक्चर प्रैक्टिस जैसे प्रेरक प्रयास प्रमुख हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में विषय की समझ विकसित करने, एक-दूसरे से सीखने और नियमित अभ्यास की आदत को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा, ‘वन बॉय वन टैलेंट’ और ‘बच्चे बने शिक्षक’ जैसे नवाचार भी बच्चों की प्रतिभा को सामने लाने और उन्हें सीखने-सिखाने की प्रक्रिया से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। इन गतिविधियों में विद्यार्थियों को अपनी क्षमताएं पहचानने, अपनी बात रखने और दूसरे बच्चों के साथ ज्ञान साझा करने के अवसर मिलते हैं।

राजेंद्र शर्मा और प्राचार्य अशोक कुमार खंडेलवाल से मिली प्रेरणा शिक्षक विजय कुमार शर्मा के नवाचारों के पीछे वरिष्ठ शिक्षकों की प्रेरणा और मार्गदर्शन की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। वे सेवानिवृत्त शिक्षक श्री राजेंद्र शर्मा तथा प्राचार्य श्री अशोक कुमार खंडेलवाल से प्रेरित होकर शिक्षण के क्षेत्र में नए प्रयोग कर रहे हैं। इनसे मिली प्रेरणा ने उन्हें पढ़ाई को अधिक रोचक, सरल और प्रभावी बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास करने के लिए प्रोत्साहित किया है। श्री विजय कुमार शर्मा का प्रयास है कि अंग्रेजी विद्यार्थियों के लिए कठिन विषय न रहकर सहज और रुचिकर सीखने का माध्यम बने। वे ऐसी गतिविधियों पर जोर देते हैं, जिनमें बच्चे स्वयं भाग लें, अभ्यास करें और गलतियों से सीखें। इससे विद्यार्थियों की कक्षा में सक्रियता बढ़ाने और अंग्रेजी के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में मदद मिलती है।