प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा स्वामित्व योजना के तहत भू-अधिकार पत्रों की रजिस्ट्री का निष्पादन करवाकर लाभार्थी ग्रामीणों को भूखंड का मालिकाना हक लिखित में प्रदान किया गया है। इससे उन्हें अब इस भूखंड पर बैंक ऋण प्राप्त करने में आसानी होगी। प्रदेश में अब तक लाखों भूखंडधारी लाभान्वित हुए हैं। यह बात विधायक श्री माधव सिंह मधु गहलोत ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय के समीप स्थित ग्राम आवर में स्वामित्व योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में भूखंड धारियों को रजिस्ट्री निष्पादन के पश्चात रजिस्ट्री की प्रति वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।
इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना, एसडीएम श्री कमल मंडलोई, राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।
इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. मीना एवं विधायक श्री गहलोत ने भू-अधिकार अभिलेखों की रजिस्ट्री निष्पादन के पश्चात लाभार्थियों को रजिस्ट्री की प्रति वितरित की।
कलेक्टर डॉ. मीना ने संपूर्ण राजस्व अमले को स्वामित्व योजना के तहत अधिकार अभिलेख की रजिस्ट्री निष्पादन के कार्य में तेजी लाने और सभी भूखंड धारियों को सूचित कर रजिस्ट्री शीघ्र करवाने के निर्देश दिए।




