भारत सरकार की महत्वाकांक्षी स्वामित्व योजना ग्रामीण परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। आगर-मालवा जिले की बड़ोद तहसील के ग्राम गुराड़िया बड़ौद निवासी श्री भारत सिंह की कहानी इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है। वर्षों से आबादी क्षेत्र में निवास करने के बावजूद उनके पास अपनी आवासीय भूमि का कोई विधिक दस्तावेज नहीं था, जिसके कारण उन्हें बैंक ऋण एवं शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाई होती थी। जिला प्रशासन द्वारा गांव में ड्रोन सर्वे कराकर नक्शा तैयार किया गया तथा स्वामित्व योजना के तहत भू-अधिकार अभिलेख तैयार किया गया।

जन-विश्वास अभियान के तहत गुराड़िया बड़ोद में आयोजित शिविर में कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना द्वारा रजिस्ट्री निष्पादन के बाद श्री भारत सिंह को रजिस्ट्री की प्रति सौंपी गई। रजिस्ट्री पाकर श्री भारत सिंह ने कहा कि "अब मेरी जमीन पर मेरा कानूनी हक है, अब मैं अपनी संपत्ति पर बैंक से ऋण लेकर अपने परिवार के लिए पक्का घर बना सकूंगा और बच्चों की पढ़ाई में भी मदद मिलेगी।" स्वामित्व योजना ने न केवल उन्हें भू-स्वामी बनाया है, बल्कि आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता का नया विश्वास भी दिलाया है।