पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक- 1, छिंदवाड़ा में दीपावली के अवसर पर प्रार्थना सभा में प्राथमिक विभाग के विद्यार्थियों द्वारा ‘वोकल फॉर लोकल’ विषय पर एक प्रेरणादायक नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से बच्चों ने स्थानीय कारीगरों, मिट्टी के दीये बनाने वालों, फूल विक्रेताओं एवं छोटे व्यापारियों के उत्पादों को अपनाने का संदेश दिया।

विद्यार्थियों ने अपने प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता देने तथा स्थानीय उत्पादों की खरीदारी कर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की। नाटक के जरिए भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय कारीगरों के प्रति सम्मान और सहयोग की भावना को भी प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की बालवाटिका के विद्यार्थियों ने भी अपनी कक्षाओं में शिक्षिकाओं के साथ चित्रकारी कर दीपावली का पर्व मनाया।

खास बातें

  • नाटक के जरिए भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय कारीगरों के प्रति सम्मान और सहयोग की भावना को भी प्रोत्साहित किया गया।
  • विद्यालय के प्राचार्य श्री हरि प्रसाद धारकर ने विद्यार्थियों की इस सराहनीय प्रस्तुति की प्रशंसा की।
  • अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में त्योहारों के आयोजन का उद्देश्य केवल धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक ही नहीं, बल्कि उनका आर्थिक महत्व भी है।

विद्यालय के प्राचार्य श्री हरि प्रसाद धारकर ने विद्यार्थियों की इस सराहनीय प्रस्तुति की प्रशंसा की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में त्योहारों के आयोजन का उद्देश्य केवल धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक ही नहीं, बल्कि उनका आर्थिक महत्व भी है। त्योहारों के दौरान अनेक देशवासियों को रोजगार मिलता है और अर्थव्यवस्था को गति मिलती है।

कार्यक्रम का संदेश रहा कि स्थानीय उत्पादों को अपनाकर हम देश की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के साथ-साथ अनेक परिवारों की दीपावली को खुशियों से भर सकते हैं। इस अवसर पर विगत दिवस जिला प्रशासन द्वारा आयोजित 30 वें जिला स्तरीय युवा उत्सव में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी प्राचार्य द्वारा सम्मानित किया गया।