सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत 8 अक्टूबर को जिले के विभिन्न विकासखण्डों में ‘फिट इंडिया खेल सत्र’ आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों के माध्यम से बच्चों एवं युवाओं को विभिन्न खेल गतिविधियों में भाग लेने, शारीरिक रूप से सक्रिय रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मुरैना श्री कमलेश कुमार भार्गव ने सभी विकासखण्ड शिक्षा अधिकारियों, संबंधित प्राचार्यों एवं प्रधानाध्यापकों तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के ग्रामीण युवा समन्वयकों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार खेल गतिविधियों का सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आयोजनों में अधिक से अधिक बच्चों एवं युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के लिए भी कहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 8 अक्टूबर को पोरसा के शासकीय हाईस्कूल रैपुरा में खो-खो, अम्बाह के अशासकीय राइजिंग स्कूल में फन गेम, मुरैना विकासखण्ड के शासकीय मॉडल स्कूल में टेबल टेनस एवं वास्केट वॉल, जौरा के शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में रस्साकसी, कैलारस के अशासकीय ओक्सफोर्ड इंग्लिश स्कूल में एथलेटिक्स, पहाडगढ़ के शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय में खो-खो और सबलगढ़ विकासखण्ड के शासकीय सांदीपनि उ.मा.विद्यालय में शारीरिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव ने खेल गतिविधियों के सफल आयोजन के लिए प्रभारी अधिकारी एवं संयोजक निर्धारित किए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आयोजन स्थलों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा बच्चों एवं युवाओं को उत्साहपूर्वक खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए हैं।

खेल गतिविधियों के दौरान दिलाई जाएगी नशामुक्ति की शपथ

महात्मा गांधी जी की 157वीं जयंती के अवसर पर आयोजित मद्य निषेध सप्ताह के अंतर्गत जिले में होने वाली खेल गतिविधियों के दौरान खिलाड़ियों एवं उपस्थित जनसमूह को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई जाएगी। इस पहल के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया जाएगा।