कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशानुसार गत दिवस जिला रोजगार कार्यालय, मुरैना में युवा संगम का आयोजन किया गया। आयोजन में जिले के 137 युवाओं ने सहभागिता की। युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न निजी कंपनियों ने भाग लेकर चयन प्रक्रिया आयोजित की। युवा संगम में निजी क्षेत्र की कुल 5 कंपनियों ने युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सहभागिता की।

चयन प्रक्रिया के दौरान कुल 119 युवाओं का प्राथमिक स्तर पर चयन किया गया। कंपनीवार चयनित युवाओं में चेकमेट सिक्योरिटी सर्विसेज द्वारा 28, संवारिया बायो फर्टिलाइजर्स द्वारा 29, ग्रेट ऑर्गेनिक डायमंड सागर द्वारा 30, फ्रीडम एम्प्लॉयबिलिटी संस्था द्वारा 20 तथा कॉस्मोस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 12 युवाओं का प्राथमिक स्तर पर चयन किया गया। आयोजन के दौरान चयनित युवाओं में से 74 युवाओं को ऑफर लेटर वितरित किए गए।

युवा संगम के माध्यम से युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसरों से जोड़ने के साथ ही उन्हें रोजगार प्राप्त करने की प्रक्रिया, विभिन्न कंपनियों की आवश्यकताओं एवं उपलब्ध रोजगार अवसरों की जानकारी भी प्रदान की गई।

जिला रोजगार कार्यालय द्वारा युवाओं से अपील की गई है कि वे रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के लिए रोजगार कार्यालय द्वारा आयोजित होने वाले रोजगार मेलों एवं युवा संगम कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करें।