पूर्व राज्यसभा सांसद एवं वरिष्ठ राजनेता स्व. श्री कैलाश नारायण सारंग का संपूर्ण जीवन समाजसेवा, संगठन के प्रति समर्पण और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रतिबद्धता का प्रेरणादायी उदाहरण रहा है। उनके विचार, आदर्श और जनकल्याण के प्रति उनका समर्पण आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करते रहेंगे। यह बात प्रदेश शासन के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने बुधवार को गाडरवारा के छिड़ावघाट नदी मोहल्ला में स्व. श्री कैलाश नारायण सारंग की प्रतिमा के अनावरण समारोह को संबोधित करते हुए कही।
इस अवसर पर प्रदेश शासन के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग तथा परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने पूर्व राज्यसभा सांसद स्व. श्री कैलाश नारायण सारंग की प्रतिमा का अनावरण किया। अतिथियों ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व का स्मरण किया।
खास बातें
- अतिथियों ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व का स्मरण किया।
- मंत्री श्री विश्वास सारंग ने भावपूर्ण उद्बोधन में कहा कि हर बेटे के लिए उसका पिता ही उसका हीरो होता है।
- उनके पिताजी स्व. श्री कैलाश नारायण सारंग उनके लिए केवल पिता ही नहीं, बल्कि मित्र, गुरु और आत्मशक्ति भी थे।
मंत्री श्री विश्वास सारंग ने भावपूर्ण उद्बोधन में कहा कि हर बेटे के लिए उसका पिता ही उसका हीरो होता है। उनके पिताजी स्व. श्री कैलाश नारायण सारंग उनके लिए केवल पिता ही नहीं, बल्कि मित्र, गुरु और आत्मशक्ति भी थे। उनके जीवन से उन्होंने सेवा, समर्पण, अनुशासन और समाज के प्रति दायित्वबोध के अनेक संस्कार सीखे हैं। आज जनसेवक के रूप में समाज के प्रत्येक वर्ग की सेवा करने की जो प्रेरणा उन्हें मिलती है, उसके मूल में उनके पिताजी के विचार और उनसे प्राप्त जीवन मूल्य हैं।
उन्होंने कहा कि स्व. श्री कैलाश नारायण सारंग ने अपना पूरा जीवन राष्ट्र निर्माण और समाज के कल्याण के लिए समर्पित किया। जरूरतमंदों की सहायता करना उनके स्वभाव का अभिन्न हिस्सा था। वे लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते थे और आवश्यकता पड़ने पर आर्थिक मदद के लिए भी तत्पर रहते थे। राजनीति और सामाजिक जीवन में उन्होंने अपने कार्यों से समाज को एकजुट करने तथा जनकल्याण की भावना को मजबूत करने का कार्य किया।
मंत्री श्री सारंग ने प्रतिमा स्थापना की पहल की सराहना करते हुए नगर पालिका परिषद गाडरवारा को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थान पर स्थापित यह प्रतिमा केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगी। युवा उनके जीवन से सीख लेकर समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित होंगे। उन्होंने कहा कि पूर्वजों ने हमें जो आदर्श, संस्कार और लक्ष्य सौंपे हैं, उन्हें आत्मसात कर आगे बढ़ना हम सभी का दायित्व है। जनप्रतिनिधियों को राष्ट्र को प्रगति के पथ पर आगे ले जाने और विकास के लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करना चाहिए। प्रदेश सरकार भी विकास और जनकल्याण की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने स्व. श्री कैलाश नारायण सारंग को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि स्व. श्री सारंग जैसी महान विभूतियों ने अपने त्याग, तपस्या, विचारों और समर्पण से संगठन तथा समाज को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका व्यक्तित्व, विचार और समाजसेवा के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि स्व. श्री कैलाश नारायण सारंग का सार्वजनिक जीवन, संगठन के प्रति समर्पण और समाजसेवा के प्रति प्रतिबद्धता सदैव हम सभी के लिए प्रेरणादायी रहेगी। उनका जीवन समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पित होकर कार्य करने की सीख देता है। इस अवसर पर मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती साधना स्थापक, पूर्व विधायक श्री नरेश पाठक, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्री शिवाकांत मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, कायस्थ समाज के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

