कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती अर्चना कुमारी के निर्देशन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले के शासकीय विद्यालयों में बाल सुरक्षा एवं अधिकारों को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती संजीता भगत के नेतृत्व में शासकीय हाई स्कूल देवरी, शासकीय प्राथमिक शाला अमलई तथा शासकीय प्राथमिक शाला बम्हनी में विशेष जागरूकता शिविर आयोजित किए गए।
शिविरों में बच्चों को मिशन वात्सल्य के अंतर्गत किशोर न्याय अधिनियम, पॉक्सो अधिनियम, 'गुड टच-बैड टच' तथा बाल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी गई। बच्चों को किसी भी प्रकार की अनुचित हरकत का साहसपूर्वक विरोध करने और तत्काल अपने माता-पिता, शिक्षक या विश्वसनीय व्यक्ति को इसकी जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती संजीता भगत ने बच्चों को राष्ट्रीय बाल हेल्पलाइन 1098 की जानकारी देते हुए बताया कि यह 24 घंटे संचालित टोल-फ्री सेवा है, जहां बच्चों की सुरक्षा एवं संरक्षण से जुड़ी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जाती है तथा शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है।




