कलेक्टर श्री पवन जैन के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर श्री राजन बी नाडिया की अध्यक्षता में व्यापारी संघ, पुलिस, यातायात और नगर पालिका के बीच समन्वय बैठक कार्यालय अपर कलेक्टर में आयोजित हुई। बैठक में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था और दीपावली के दृष्टिगत बाजार में आवागमन सुगम बनाने पर सहमति बनी।
व्यापारी संघ ने बताया कि परेड चौराहे पर सीमेंटेड अस्थाई ब्लॉक रखकर बनाए गए डिवाइडर से मुख्य बाजार में आने-जाने में नागरिकों को परेशानी हो रही है और व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। संघ की मांग पर सभी पक्षों की सहमति से निर्णय लिया गया कि दीपावली के दौरान परेड चौराहे का डिवाइडर दोपहिया वाहनों के निकलने के लिए खोला जाएगा।
खास बातें
- संघ की मांग पर सभी पक्षों की सहमति से निर्णय लिया गया कि दीपावली के दौरान परेड चौराहे का डिवाइडर दोपहिया वाहनों के निकलने के लिए खोला जाएगा।
- अपर कलेक्टर श्री नाडिया ने कहा कि त्योहार के समय बाजार में नागरिकों की भीड़ और व्यापार दोनों बढ़ते हैं।
- आम नागरिकों और व्यापारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
अपर कलेक्टर श्री नाडिया ने कहा कि त्योहार के समय बाजार में नागरिकों की भीड़ और व्यापार दोनों बढ़ते हैं। आम नागरिकों और व्यापारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। दीपावली के बाद कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में संयुक्त दल मुख्य बाजार का भ्रमण कर सिग्नल व बैरिकेट लगाने के स्थान चिन्हित करेगा और इसके बाद पुनः बैठक कर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
अपर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि बाजार में दुकानों के सामने किसी भी प्रकार का फड़ या हाथ ठेला न लगाया जाए। नियम तोड़ने पर चालानी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी विभागों और नागरिकों के परस्पर सहयोग से ही शहर की व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक श्री निरंजन सिंह राजपूत, नगर पालिका भिण्ड के सीएमओ श्री वीरेन्द्र चक्रवर्ती, यातायात प्रभारी श्री राघवेन्द्र भार्गव सहित व्यापारी संघ के पदाधिकारी और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



