जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर और सुदृढ़ बनाने के लिए कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह के निर्देशन में लगातार नवाचार किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में जिले में एनीमिक गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित कराने के लिए निःशुल्क रक्ताधान सेवाओं के साथ-साथ प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जा रही है। नवाचार का उद्देश्य जिले की हर गर्भवती महिला को सुरक्षित और सेहतमंद मातृत्व का अधिकार देना है।

जिसके तहत सिविल अस्पताल बागली में गंभीर एनीमिया गर्भवती महिला श्रीमती कलाबाई का ब्लड ट्रांसफ्यूजन कर 500 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है। यह राशि रोगी कल्याण समिति के माध्यम से मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित नागर के मार्गदर्शन में वितरित की गई।

खास बातें

  • मामले की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों की टीम ने त्वरित कार्रवाई की।
  • महिला को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और उपचार उपलब्ध कराते हुए तुरंत ब्लड ट्रांसफ्यूजन करवाया गया।
  • समय पर मिले इस इलाज से श्रीमती कलाबाई गंभीर एनीमिया के बड़े खतरे से सुरक्षित बच गईं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सरोजिनी जेम्स बेक ने बताया कि सिविल अस्पताल बागली में गर्भवती महिला श्रीमती कलाबाई पति श्री प्रकाश का हीमोग्लोबिन 7 ग्राम से कम पाया गया, जो कि बेहद चिंताजनक और गंभीर स्थिति थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों की टीम ने त्वरित कार्रवाई की। महिला को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और उपचार उपलब्ध कराते हुए तुरंत ब्लड ट्रांसफ्यूजन करवाया गया।

समय पर मिले इस इलाज से श्रीमती कलाबाई गंभीर एनीमिया के बड़े खतरे से सुरक्षित बच गईं। डॉ. बेक ने कहा कि नवाचार से "स्वस्थ मां के साथ स्वस्थ बच्चे" की परिकल्पना को भी साकार किया जा रहा है। श्रीमती कलाबाई को पौष्टिक आहार लेने सहित स्थानीय मौसमी फलों एवं सब्जियों के उपयोग तथा गुड़, चना, सहजन की फली एवं पूरक पोषण आहार आदि के उपयोग के संबंध में चिकित्सकों द्वारा परामर्श भी दिया गया।