जिले के युवाओं को निजी संस्थाओं में रोजगार, स्वरोजगार तथा अप्रेंटिसशिप के अवसर एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला व्यापार उद्योग केंद्र, रोजगार कार्यालय एवं शासकीय आईटीआई देवास द्वारा मल्हार स्मृति मंदिर देवास में ' युवा संगम ' का आयोजन किया गया। युवा संगम में देवास, इंदौर और पीथमपुर की कुल 18 निजी कंपनियों द्वारा विभिन्न पदों के लिए आवेदकों के साक्षात्कार लिए गए। कम्पनी प्रतिनिधियों ने योग्यता के आधार पर 135 आवेदकों का प्राथमिक चयन किया। इनमें से 20 आवेदकों को मौके पर ही ऑफर लेटर वितरित किए गए। युवा संगम में कुल 225 आवेदकों ने रोजगार एवं स्वरोजगार हेतु अपना पंजीयन कराया।
युवा संगम में शामिल होने वाले सभी आवेदकों का ' देवास जॉब पोर्टल ' पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया गया, ताकि उन्हें भविष्य में भी रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें। इसके साथ ही युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और अप्रेंटिसशिप के संबंध में करियर मार्गदर्शन दिया गया। युवाओं को आईटीआई में प्रवेश की प्रक्रिया और तकनीकी शिक्षा के महत्व के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।




