उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को जिलेभर में आयोजित साक्षरता मूल्यांकन परीक्षा उत्साह एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई। जिले के लगभग 1800 परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें लगभग 45,000 नवसाक्षरों ने सहभागिता कर शिक्षा के प्रति अपनी जागरूकता और उत्साह का परिचय दिया। परीक्षा के दौरान जिले के सामाजिक चेतना केन्द्रों पर नवसाक्षरों का पुष्पमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया। इससे नवसाक्षरों में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा उन्होंने पूरे आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में भाग लिया। विशेष बात यह रही कि जिला जेल गुना में भी 50 बंदियों (कैदियों) ने उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम की परीक्षा देकर शिक्षा के प्रति अपनी रुचि प्रदर्शित की।

जिला प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी श्री आशीष तिवारी ने बताया कि जिले के अनेक परीक्षा केन्द्रों पर 70 वर्ष से अधिक आयु के नवसाक्षरों ने भी पूरे उत्साह के साथ परीक्षा दी। यह समाज में आजीवन शिक्षा की भावना को सशक्त बनाने वाला प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने परीक्षा के सफल संचालन में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवकों, सामाजिक चेतना केन्द्रों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम समाज के प्रत्येक नागरिक को साक्षर एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।