प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण शासन की एक ऐसी योजना है, जिसके द्वारा गरीब व्यक्तियों का अपने एक पक्के छत वाले मकान का सपना साकार हो रहा है। इस योजना से अनेक ग्राम पंचायतों का तो नक्शा ही बदल गया है। टिमरनी विकासखंड से 15 किमी दूर ग्राम पंचायत अहलवाड़ा के ग्राम चौकड़ी निवासी श्री रामकिसन पिता अंतराम की जिंदगी प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण से बदल गई है।
रामकिसन पिछले 60 वर्षों से परिवार सहित कच्चे मकान में रह रहे थे। वर्षा के दिनों में छत पर कवेलू टीन होने के कारण घर के अंदर पानी टपकता था, जिसके कारण श्री रामकिसन एवं उनका परिवार वर्षा के दिनों में बहुत ही तकलीफ से दिन निकालते थे। वर्ष 2019-20 में हितग्राही श्री रामकिसन को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ देने हेतु ग्राम पंचायत द्वारा चयन किया गया।
जब इसकी जानकारी श्री रामकिसन को पता चली तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। छत वाला पक्का मकान जो जिंदगी में कभी सोचा नहीं था, वह सपना पूरा होते हुए दिखाई देने लगा। आवास स्वीकृत कर किश्तों का प्रदाय किया गया, तब श्री रामकिसन ने खुशी-खुशी अपने आवास का निर्माण कार्य प्रारंभ किया।
रामकिसन बताते है कि निर्माण के दौरान कुछ तकलीफें आईं, लेकिन एक छत वाले पक्के मकान का सपना आखिर एक दिन पूरा हो गया और आज वर्तमान में हितग्राही श्री रामकिसन और उनका सारा परिवार खुशी-खुशी एक छत वाले पक्के मकान में निवासरत है। पक्का मकान बनने से रामकिसन के सामाजिक आर्थिक स्तर मे भी सुधार हुआ है।






