पुलिस शहीद दिवस के अवसर पर बुधवार को सिवनी में अमर जवान ज्योति पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना एवं पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण लालचंदानी ने अमर जवान ज्योति पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं नागरिकों की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर पुलिस जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण लालचंदानी द्वारा सितंबर 2025 से अगस्त 2026 की अवधि में कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों के नामों का वाचन किया गया। नामों के वाचन के दौरान उपस्थितजनों ने शहीदों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण को स्मरण करते हुए श्रद्धापूर्वक नमन किया।जिले के शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों का सम्मानकार्यक्रम का विशेष भावुक पक्ष जिले के उन शहीद पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों के परिजनों का सम्मान रहा, जिन्होंने कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का बलिदान दिया। शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को पुष्पमाला, शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।सम्मानित शहीद पुलिसकर्मियों में शहीद बिन्दु कुमरे, शहीद स्व. ढालसिंह राहंगडाले, शहीद प्रवीन सिंह राजपूत, शहीद फत्तेसिंह कुड़ापा, शहीद जितेन्द्र डहेरिया, शहीद शिवकुमार परते, शहीद बिहारीलाल श्रीवास, शहीद स्व. दंगल सिंह ठाकुर, शहीद भास्कर राउत, शहीद स्व. बालकृष्ण यादव, शहीद राजा धुर्वे, शहीद राकेश ठाकुर, शहीद स्व. जसवंत सिंह तेकाम, शहीद स्व. पंकज भलावी एवं शहीद स्व. तामसिंह मरावी शामिल हैं।शहीदों के परिजनों का सम्मान करते हुए उनके त्याग और बलिदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। इस अवसर पर यह भाव भी व्यक्त किया गया कि वर्दी में देश और समाज की सेवा करते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीद पुलिसकर्मियों का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका साहस, शौर्य और कर्तव्य के प्रति समर्पण पुलिस बल एवं समाज के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा।अमर जवान ज्योति पर नमनपुलिस शहीद दिवस पुलिस बल के उन वीर जवानों को स्मरण करने का अवसर है, जिन्होंने कठिन एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी राष्ट्र तथा नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। अमर जवान ज्योति पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की गई।कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, शहीदों के परिजनों एवं गणमान्य नागरिकों ने वीर शहीदों के अदम्य साहस, शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।कार्यक्रम में डीएफओ श्री प्रदीप मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री दीपक मिश्रा, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि, शहीद पुलिसकर्मियों के परिजन तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




