87 करोड़ रुपये की लागत के 68 निर्माण कार्यों का लोकार्पण तथा 57 करोड़ रुपये के 68 कार्यों का भूमिपूजन किया

उमरिया।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उमरिया जिले के ग्राम गुरवाही में आयोजित लाड़ली बहना सम्मेलन में जिले के विकास को गति देने के उद्देश्य से विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री ने 87 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए 68 निर्माण कार्यों का लोकार्पण तथा 57 करोड़ रुपये की लागत वाले 68 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, धार्मिक पर्यटन तथा प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार से संबंधित महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने मानपुर एवं पाली के सामुदायिक स्वास्थ्य भवनों का सिविल अस्पताल के रूप में उन्नयन करने, मानपुर विधानसभा क्षेत्र में सांदीपनि विद्यालय स्वीकृत करने तथा चिल्हारी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने चिल्हारी को नगर परिषद का दर्जा देने के संबंध में परीक्षण के पश्चात आवश्यक निर्णय लेने की बात कही। इसके साथ ही पाली में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने तथा होम स्टे संचालित करने के लिए 3 लाख रुपये का अनुदान देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने अमरपुर उप तहसील को भी परीक्षण के पश्चात तहसील का दर्जा देने की घोषणा की। इन घोषणाओं से जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, शिक्षा के अवसरों में वृद्धि, पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहन तथा प्रशासनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में पहल की जाएगी।