पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार संचालित राज्यव्यापी जन-जागरूकता अभियान "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" के अंतर्गत गुरुवार को पुलिस परेड ग्राउंड, मुरैना में वृहद मानव श्रृंखला, जन-जागरूकता रैली, वृक्षारोपण तथा पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए जनसहभागिता को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम में चंबल संभाग के आयुक्त श्री सुरेश कुमार तथा पुलिस उप महानिरीक्षक, चंबल रेंज श्री सुनील कुमार जैन विशेष रूप से उपस्थित रहे। रैली के उपरांत दोनों अधिकारियों ने पुलिस परेड ग्राउंड परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़, पुलिस अधीक्षक श्री धर्मराज मीणा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कमलेश कुमार भार्गव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुरेन्द्र पाल सिंह डावर, नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती दीपाली चंदौरिया, रक्षित निरीक्षक श्री रविकांत शुक्ला सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
अभियान के अंतर्गत आयोजित मानव श्रृंखला में विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, होमगार्ड, पांचवीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल तथा जिला पुलिस बल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित 1500 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सभी ने मानव श्रृंखला बनाकर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया तथा स्वयं नशे से दूर रहने के साथ समाज को भी जागरूक करने का संदेश दिया।
अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर जन-जागरूकता रैली को रवाना किया। रैली पुलिस परेड ग्राउंड से प्रारंभ होकर एम.एस. रोड एवं राधिका पैलेस मार्ग से होते हुए पुनः पुलिस परेड ग्राउंड पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में प्रतिभागियों ने हाथों में जन-जागरूकता संबंधी तख्तियां एवं बैनर लेकर "नशे से दूरी है जरूरी", "नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो" तथा "स्वस्थ युवा, सशक्त भारत" जैसे प्रेरक नारों के माध्यम से आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान अभियान के अंतर्गत आयोजित निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथियों द्वारा प्रमाण-पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही अधिकारियों ने विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों से नशामुक्त जीवन शैली अपनाने तथा समाज में जागरूकता फैलाने की अपील करते हुए कहा कि नशे के विरुद्ध जनआंदोलन ही एक स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त समाज के निर्माण का प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम के अंत में रैली में शामिल अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मुरैना पुलिस द्वारा अभियान की विशेष टी-शर्ट एवं कैप वितरित की गई।






