जिले के युवाओं को प्रशासनिक सेवाओं के प्रति प्रेरित करने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शासकीय आदर्श महाविद्यालय, जम्बार बागरी विदिशा में 20 से 25 जुलाई तक छह दिवसीय विशेष कार्यशाला "प्रशासनिक अधिकारी कैसे बनें" का आयोजन किया जा रहा है।

महाविद्यालय के प्रिंसिपल श्री ब्रह्मदीप अलूने ने बताया है कि स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला में प्रशासनिक, पुलिस, न्यायिक एवं कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी विद्यार्थियों से संवाद कर अपने अनुभव साझा करेंगे।

खास बातें

  • कार्यक्रम की अध्यक्षता अग्रणी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बी.डी. अहिरवार करेंगे।
  • हाल ही में उन्होंने अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो ( 5,895 मीटर) पर सफल आरोहण कर मध्यप्रदेश और देश का नाम गौरवान्वित किया है।
  • दीपिका गौतम उन चुनिंदा महिला अधिकारियों में शामिल हैं जिन्होंने प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ साहसिक खेलों और पर्वतारोहण के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।

कार्यशाला का शुभारंभ सोमवार को होगा। उद्घाटन सत्र में डिप्टी कलेक्टर श्री मोतीलाल अहिरवार तथा सहायक कुलसचिव डॉ. पुनीत शुक्ला प्रशासनिक सेवाओं में सफलता के लिए आवश्यक रणनीति, अध्ययन पद्धति और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के महत्वपूर्ण पहलुओं पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अग्रणी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बी.डी. अहिरवार करेंगे।

दूसरे दिन पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) भोपाल में पदस्थ निरीक्षक दीपिका गौतम विद्यार्थियों से संवाद करेंगी। उनके साथ निरीक्षक भूर सिंह चौहान भी प्रशासनिक एवं पुलिस सेवा से जुड़े अनुभव साझा करेंगे। तीसरे दिन जिला अभियोजन अधिकारी जे.एस. तोमर न्यायिक एवं प्रशासनिक सेवाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी देंगे। चौथे दिन उपसंचालक कृषि संजय जैन प्रशासनिक क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों, चुनौतियों एवं कार्यशैली पर प्रकाश डालेंगे।

कार्यशाला के पांचवें दिन प्रसिद्ध समाजसेवी एवं प्रशासनिक विषयों के विशेषज्ञ डॉ. विमल गर्ग व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, संवाद कौशल और प्रशासनिक दृष्टिकोण विकसित करने के महत्वपूर्ण सुझाव देंगे। अंतिम दिन रोजगार कार्यालय के सहयोग से रोजगार मेले का आयोजन होगा, जिसमें विद्यार्थियों को विभिन्न सरकारी एवं निजी क्षेत्र के रोजगार अवसरों, कैरियर विकल्पों तथा रोजगारोन्मुख योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्थित तैयारी, व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और रोजगार संबंधी संभावनाओं से अवगत कराना है। कार्यक्रम में विदिशा सहित आसपास के विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के शामिल होने की संभावना है।

माउंट किलिमंजारो फतह करने वाली निरीक्षक दीपिका गौतम बनेंगी युवाओं की प्रेरणा

शासकीय आदर्श महाविद्यालय, विदिशा में आयोजित छह दिवसीय कार्यशाला "प्रशासनिक अधिकारी कैसे बनें" के दूसरे दिन पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) भोपाल में पदस्थ निरीक्षक दीपिका गौतम विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगी। हाल ही में उन्होंने अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो ( 5,895 मीटर) पर सफल आरोहण कर मध्यप्रदेश और देश का नाम गौरवान्वित किया है।

दीपिका गौतम उन चुनिंदा महिला अधिकारियों में शामिल हैं जिन्होंने प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ साहसिक खेलों और पर्वतारोहण के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उनका जीवन अनुशासन, कठिन परिश्रम, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प का प्रेरक उदाहरण माना जाता है।

संवाद कार्यक्रम के दौरान वे विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, समय प्रबंधन, लक्ष्य निर्धारण, आत्मविश्वास निर्माण तथा कठिन परिस्थितियों में भी सफलता प्राप्त करने के अपने अनुभव साझा करेंगी। साथ ही माउंट किलिमंजारो अभियान के दौरान आई चुनौतियों और उन्हें पार करने की प्रेरक यात्रा से भी युवाओं को अवगत कराएंगी।

महाविद्यालय प्रशासन का मानना है कि दीपिका गौतम जैसी प्रेरणादायी अधिकारी का संवाद विद्यार्थियों में प्रशासनिक सेवाओं के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करेगा। उनके अनुभव युवाओं को यह संदेश देंगे कि स्पष्ट लक्ष्य, निरंतर मेहनत और अटूट आत्मविश्वास के बल पर जीवन की किसी भी ऊंचाई को हासिल किया जा सकता है।