प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि योजना (पीएम स्वनिधि) देशभर के पथ विक्रेताओं एवं छोटे व्यवसायियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। मध्यप्रदेश इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है, जहां अब तक 15.87 लाख से अधिक ऋण प्रकरणों के माध्यम से 2,679.49 करोड़ रुपये से अधिक का ऋण वितरित किया जा चुका है। इस योजना के माध्यम से अनेक छोटे व्यवसायियों ने अपने व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। झाबुआ जिले के फल विक्रेता श्री अमरसिंह की कहानी भी इसी सफलता का प्रेरणादायक उदाहरण है।
झाबुआ निवासी श्री अमरसिंह पिता श्री सूर्जी वर्षों से फल विक्रय का कार्य कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। सीमित पूंजी के कारण वे अपने व्यवसाय का विस्तार नहीं कर पा रहे थे। इसी दौरान उन्हें प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि योजना की जानकारी प्राप्त हुई। उन्होंने नगर पालिका में पथ विक्रेता के रूप में पंजीयन कराकर योजना के अंतर्गत ऋण के लिए आवेदन किया।
श्री अमरसिंह को बैंक ऑफ बड़ौदा, शाखा झाबुआ द्वारा प्रथम चरण में 10,000 रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। इस राशि का उपयोग उन्होंने अपने फल व्यवसाय को व्यवस्थित रूप से संचालित करने में किया। समय पर ऋण का पुनर्भुगतान करने के कारण उन्हें योजना के दूसरे चरण में 20,000 रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ, जिससे उन्होंने अपने व्यवसाय का विस्तार किया और ग्राहकों की मांग के अनुरूप विभिन्न प्रकार के फलों का विक्रय प्रारंभ किया।
श्री अमरसिंह द्वारा दूसरे चरण के ऋण का भी समय पर भुगतान किया गया। इसके फलस्वरूप उन्हें योजना के तीसरे चरण में 50,000 रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। इस राशि से उन्होंने अपने व्यवसाय को और अधिक विकसित किया तथा केले के साथ-साथ सेब, अनार एवं अन्य फलों की बिक्री भी शुरू की। आज उनका व्यवसाय पहले की तुलना में कहीं अधिक सुदृढ़ और लाभकारी हो चुका है।
श्री अमरसिंह ने बताया कि, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना ने मेरे जैसे छोटे व्यवसायियों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है। इस योजना से प्राप्त ऋण के माध्यम से मैं अपने व्यवसाय को लगातार बढ़ा सका। आज मेरा व्यवसाय अच्छी तरह संचालित हो रहा है और मेरे परिवार की आर्थिक स्थिति में भी सुधार हुआ है। मैं सरकार का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ, जिसने छोटे व्यापारियों को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया।
प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि योजना छोटे व्यवसायियों के लिए आर्थिक सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम बनकर उभरी है। श्री अमरसिंह की सफलता की कहानी यह सिद्ध करती है कि उचित मार्गदर्शन और समय पर प्राप्त वित्तीय सहायता से छोटे व्यवसायी भी आत्मनिर्भरता की नई मिसाल कायम कर सकते हैं।







